अपनी पसंद की खबर खोजें
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में अंतिम संस्कार के बाद घर लौट रहे मामा-भांजे के साथ दर्दनाक हादसा हो गया। मंगला के दीनदयाल कॉलोनी क्षेत्र में एक वृद्धा के अंतिम संस्कार में शामिल होने पहुंचे रिश्तेदारों की ऑटो अचानक पीछे की ओर बढ़ गई और जलती चिता में जा घुसी। हादसे में ऑटो सवार मामा और भांजा झुलस गए। दोनों ने किसी तरह ऑटो से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई, लेकिन चिता की आग की चपेट में आने से ऑटो पूरी तरह जलकर खाक हो गई। घायल मामा-भांजे को उपचार के लिए छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (सिम्स) में भर्ती कराया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, सिविल लाइन क्षेत्र के महाराणा प्रताप चौक निवासी दशरथ सिंह राजपूत ऑटो चलाते हैं। उनका भांजा शैलेंद्र सिंह कोरबा के इमलीडुग्गू क्षेत्र में रहता है। मंगला के दीनदयाल कॉलोनी क्षेत्र में रहने वाली उनकी एक रिश्तेदार की तबीयत खराब होने के चलते शुक्रवार को मौत हो गई थी। इसकी सूचना मिलने पर दशरथ अपने भांजे शैलेंद्र को साथ लेकर मंगला के धुरीपारा पहुंचे थे।
अंतिम संस्कार के बाद लौटते समय हुआ हादसा
वृद्धा के अंतिम संस्कार में शामिल होने के बाद दशरथ अपने भांजे के साथ ऑटो से घर लौटने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान ऑटो बैक गियर में लगी हुई थी। दशरथ ने ऑटो स्टार्ट कर जैसे ही उसे आगे बढ़ाने की कोशिश की, वाहन आगे जाने के बजाय पीछे की ओर चल पड़ा। देखते ही देखते ऑटो पीछे जल रही चिता में जा घुसी।
आग की चपेट में आई ऑटो, मामा-भांजा झुलसे

चिता की आग की चपेट में आने से ऑटो में आग लग गई। अचानक हुए इस हादसे से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ऑटो में सवार दशरथ और शैलेंद्र किसी तरह बाहर निकले, लेकिन इस दौरान दोनों झुलस गए। आग इतनी तेजी से फैली कि ऑटो पूरी तरह जल गई।
सिम्स में दोनों घायलों का इलाज जारी
हादसे के बाद झुलसे मामा-भांजे को उपचार के लिए सिम्स में भर्ती कराया गया, जहां दोनों का इलाज जारी है। अंतिम संस्कार के बाद हुई इस अप्रत्याशित घटना से परिजनों और मौके पर मौजूद लोगों में चिंता का माहौल है।