अपनी पसंद की खबर खोजें
धमतरी | धमतरी जिले की पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय (IPS) ने जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना एवं चौकी प्रभारियों की पहली परिचयात्मक बैठक लेकर कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, अनुशासन और जनोन्मुखी पुलिसिंग को लेकर सख्त दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पुलिस की कार्यशैली पारदर्शी, अनुशासित, संवेदनशील और जनता के प्रति जवाबदेह होनी चाहिए।
बैठक में एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को अपने अधीनस्थ अधिकारियों और कर्मचारियों में अनुशासन बनाए रखने, साफ-सुथरी वर्दी, बेहतर टर्नआउट और समयबद्ध ड्यूटी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने दो टूक कहा कि अनुशासनहीनता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बाजारों और संवेदनशील क्षेत्रों में बढ़ेगी पुलिस की मौजूदगी
एसपी ने जिले में Visible Policing और Basic Policing को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। इसके तहत सदर बाजार सहित प्रमुख बाजारों में नियमित पैदल गश्त, भीड़भाड़ वाले इलाकों, धार्मिक स्थलों और संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार पुलिस की मौजूदगी सुनिश्चित करने को कहा गया।

नशा, जुआ और अवैध कारोबार पर सख्ती
बैठक में नशे के खिलाफ विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। साथ ही जुआ, सट्टा, अवैध शराब और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों पर लगातार और प्रभावी कार्रवाई करने को कहा गया। सराफा बाजार, बैंक, एटीएम और अन्य महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों में रात्रि गश्त बढ़ाने के भी निर्देश दिए गए।
थानों में स्वच्छता और तकनीक के बेहतर उपयोग पर जोर
एसपी ने सभी थाना और चौकी परिसरों को साफ-सुथरा रखने, शासकीय वाहनों के रखरखाव तथा सीसीटीवी कैमरों को पूरी तरह चालू रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि NATGRID और अन्य तकनीकी संसाधनों का अधिकतम उपयोग कर अपराधों की जांच और नियंत्रण को और प्रभावी बनाया जाए।
जनसुनवाई और FIR में नहीं होगी लापरवाही
भावना पांडेय ने निर्देश दिए कि थाने आने वाले प्रत्येक फरियादी के साथ सम्मानजनक और संवेदनशील व्यवहार किया जाए। एफआईआर योग्य मामलों में किसी भी प्रकार की देरी या टालमटोल नहीं होनी चाहिए। साथ ही CCTNS पोर्टल पर सभी प्रविष्टियां समय पर अपडेट करने और तकनीकी समस्या आने पर तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना देने के निर्देश भी दिए गए।
लंबित वारंट और समंस जल्द होंगे निष्पादित
बैठक में न्यायालयीन मामलों की समीक्षा करते हुए लंबित समंस और वारंटों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।