अपनी पसंद की खबर खोजें
जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में महज 1 हजार रुपये के बकाया विवाद में एक युवक की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, सेकंड हैंड मोबाइल की खरीद-बिक्री को लेकर दो दोस्तों के बीच विवाद चल रहा था। इसी विवाद के बाद आरोपी ने अपने साथी को कार में बैठाकर जंगल ले गया और कथित तौर पर उसके सिर पर लकड़ी के फाड़े से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद शव को जंगल के गहरे हिस्से में फेंकने और सबूत मिटाने की कोशिश किए जाने की बात भी पुलिस ने कही है। करीब एक सप्ताह तक चली जांच के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
जंगल में मिला था अज्ञात युवक का शव

पुलिस के अनुसार, 23 सितंबर को जुरगुम-तुर्रापानी जंगल क्षेत्र में रपटा पुलिया के पास एक युवक का शव पड़े होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया।
मृतक ने पीले रंग की टी-शर्ट और ग्रे लोअर पहन रखा था। उसके सिर के पिछले हिस्से में गंभीर चोट के निशान और खून मिला था। शुरुआती जांच में शव की पहचान नहीं हो सकी। इसके बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज करते हुए जांच शुरू की।
जांच में दोस्त पर गहराया शक

पुलिस ने आसपास के गांवों में पूछताछ कर मृतक की पहचान ग्राम विमड़ा निवासी राजेश दास (29) के रूप में की। राजेश खेती-किसानी का काम करता था।
जांच आगे बढ़ने पर पुलिस की पूछताछ का दायरा उसके परिचितों और दोस्तों तक पहुंचा। इसी दौरान कृष्णा उर्फ कैलाश यादव, निवासी झगरपुर, पर पुलिस का संदेह गया। पूछताछ में पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने घटना में अपनी भूमिका स्वीकार की।
₹1 हजार बकाया को लेकर हुआ था विवाद
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने राजेश को ओप्पो कंपनी का सेकंड हैंड मोबाइल ₹6 हजार में बेचा था। राजेश ने इसमें से ₹5 हजार का भुगतान कर दिया था, जबकि ₹1 हजार बाकी थे।
इसी बकाया रकम को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था। पुलिस का दावा है कि इसी विवाद के बाद आरोपी ने राजेश को कार में बैठाया और जुरगुम जंगल की ओर ले गया।
जंगल में लकड़ी से सिर पर किया वार

मृतक की तस्वीर
पुलिस के मुताबिक, जंगल में पहुंचने के बाद दोनों के बीच बकाया रकम को लेकर फिर विवाद हुआ। आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने राजेश को कार से नीचे उतारा और जमीन पर पड़ी लकड़ी के फाड़े से उसके सिर पर दो बार हमला किया।
गंभीर चोट लगने के बाद राजेश जमीन पर गिर पड़ा और उसकी मौत हो गई। इसके बाद आरोपी ने शव को जंगल के एक गहरे स्थान पर ले जाकर फेंक दिया।
हत्या के बाद सबूत मिटाने की कोशिश का आरोप
पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद आरोपी ने घटना से जुड़े सबूतों को नष्ट करने का प्रयास किया। हत्या में इस्तेमाल लकड़ी के फाड़े और मृतक के मोबाइल को मैनी नदी में फेंकने की बात सामने आई है।
वहीं, आरोपी ने घटना के समय पहने कपड़ों को डोड़की नदी में फेंक दिया। पुलिस के मुताबिक, कार पर लगे खून के निशान मिटाने के लिए आरोपी ने अपनी लाल रंग की स्विफ्ट कार को नदी के पानी से भी धोया।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर उसके घर से कार बरामद कर ली है।
हत्या और सबूत मिटाने की धाराओं में कार्रवाई
ASP राकेश कुमार पाटनवार के अनुसार, जांच में सामने आए साक्ष्यों और आरोपी से पूछताछ के आधार पर उसे गिरफ्तार किया गया। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया है। वहीं, साक्ष्य मिटाने के आरोप में धारा 238 BNS भी जोड़ी गई है। मामले में आगे की जांच जारी है।