अपनी पसंद की खबर खोजें
रायपुर/मरवाही। छत्तीसगढ़ के मरवाही वनमंडल क्षेत्र में हाथियों की मौजूदगी के बीच एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। जंगल में हाथियों के दल को देखने पहुंचे ग्राम रूमगा निवासी 36 वर्षीय केमला प्रसाद पर एक हाथी ने हमला कर दिया। हाथी ने उन्हें पैरों तले कुचल दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। वन विभाग की टीम उन्हें अस्पताल लेकर जा रही थी, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
रूमगा-मटियाढांड के जंगल में हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, घटना दोपहर बाद रूमगा-मटियाढांड के जंगल में हुई। इन दिनों मरवाही वनमंडल क्षेत्र में 53 हाथियों का दल विचरण कर रहा है। हाथियों की मौजूदगी की जानकारी मिलने के बाद आसपास के कुछ ग्रामीण उन्हें देखने जंगल की ओर पहुंच रहे हैं।
इसी दौरान ग्राम रूमगा निवासी केमला प्रसाद हाथियों के काफी करीब पहुंच गए। तभी दल में शामिल एक हाथी ने अचानक उन पर हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
गौरेला ले जाते समय रास्ते में मौत

घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर मौजूद वन विभाग के कर्मचारियों ने घायल युवक को तत्काल मरवाही के उपस्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने जिला अस्पताल गौरेला रेफर कर दिया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उनकी मौत हो गई।
हाथियों के करीब जाना पड़ सकता है भारी

मरवाही वनमंडल में 53 हाथियों के दल की सक्रियता को देखते हुए वन विभाग ने आसपास के गांवों के लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। अधिकारियों के मुताबिक, हाथियों को देखने के लिए जंगल में भीड़ लगाना या उनके करीब जाकर फोटो और वीडियो बनाना जानलेवा साबित हो सकता है।
वन विभाग ने ग्रामीणों से हाथियों के विचरण वाले जंगलों में जाने से बचने, वनकर्मियों के निर्देशों का पालन करने और हाथियों को परेशान नहीं करने की अपील की है। जंगली हाथियों का व्यवहार अप्रत्याशित हो सकता है, इसलिए उनकी मौजूदगी वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त सावधानी बरतना जरूरी है।
SEO Tags: