अपनी पसंद की खबर खोजें
रायपुर। कांकेर सांसद भोजराज नाग का एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में सांसद नाग नींबू काटकर बारिश रोकने की बात कहते नजर आ रहे हैं। उनके इस बयान को लेकर अब छत्तीसगढ़ की सियासत गरमा गई है।
छत्तीसगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने सांसद भोजराज नाग के बयान पर तंज कसते हुए कहा कि अगर नींबू काटने से बारिश रुक जाती है, तो नींबू काटकर महंगाई भी रोक दें। बैज ने कहा कि इससे पेट्रोल और शक्कर की कीमतें कम करवा दें और बिजली के बिल भी घटा दें।
BJP की समन्वय बैठक पर भी हमला
दीपक बैज ने भाजपा की दो दिवसीय समन्वय बैठक को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि भाजपा में सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है। बैज ने कहा कि मंत्रियों के इस्तीफे लेकर रखे गए हैं और सभी का प्रदर्शन जीरो है।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने दावा किया कि संगठन की ओर से कुछ मंत्रियों को कड़ी फटकार भी लगाई गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के कई मंत्री कमीशनखोरी में लगे हुए हैं और कुछ मंत्री बैठक से रोते हुए बाहर आए।
बैज ने कहा कि अब मंत्रिमंडल में बदलाव की नहीं, बल्कि सरकार बदलने की जरूरत है।
स्कूलों की बदहाली पर सरकार को घेरा
स्कूली छात्रों के आंदोलन को लेकर भी दीपक बैज ने सरकार पर हमला बोला। उन्होंने शिक्षा मंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि वे कठपुतली की तरह विभाग चला रहे हैं।
बैज ने आरोप लगाया कि प्रदेश के कई स्कूलों में किताबें नहीं हैं, शिक्षक नहीं हैं और पर्याप्त भवन तक नहीं हैं। कई स्कूलों में पानी भरने की स्थिति बनी हुई है। उन्होंने सवाल उठाया कि बदहाल शिक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी आखिर किसकी है? बैज ने कहा कि “GEN ALPHA” ने भी अब सरकार के खिलाफ बिगुल फूंक दिया है।