अपनी पसंद की खबर खोजें
नवा रायपुर। नई राजधानी क्षेत्र से प्रभावित किसानों की समस्याओं और लंबे समय से लंबित मांगों को लेकर बुधवार, 30 सितंबर को सेंट्रल पार्क, नवा रायपुर में नई राजधानी प्रभावित किसान कल्याण संघर्ष समिति की बैठक हुई। बैठक में किसानों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा के साथ आगे की रणनीति को लेकर कई प्रस्ताव पारित किए गए।

बैठक में जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि एवं पूर्व अध्यक्ष, सरपंच संघ नवा रायपुर, सुजीत घिदौड़े ने किसानों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि प्रभावित किसानों की समस्याएं किसी एक गांव या परिवार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि पूरे प्रभावित क्षेत्र से जुड़ी हुई हैं। उन्होंने किसानों से अपने अधिकारों और मांगों को लेकर एकजुट होकर शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात संबंधित अधिकारियों के सामने रखने की अपील की।
कई मंचों पर मांगें रखने के बावजूद समाधान का इंतजार

समिति के अध्यक्ष रूपन चंद्राकर के मुताबिक, किसानों की समस्याओं को लेकर समिति की ओर से पिछले कई महीनों में अलग-अलग स्तरों पर मांगें रखी गई हैं। समिति का दावा है कि उच्च न्यायालय बिलासपुर, राज्य शासन के मंत्रियों, पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह, क्षेत्रीय विधायक और एनआरडीए के अधिकारियों के साथ पत्राचार एवं बैठकें की गईं, लेकिन कई मामलों में अब भी समाधान नहीं हो पाया है।
गांवों की मूलभूत सुविधाओं का मुद्दा
बैठक के दौरान प्रभावित गांवों में श्मशान घाट, चारागाह भूमि, आबादी भूमि, बसाहट बस्ती, तालाब, नाला और सड़क जैसी सुविधाओं से जुड़े मामलों पर भी चर्चा हुई। समिति ने संबंधित जमीनों और विकास कार्यों की स्थिति को लेकर एनआरडीए की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए स्पष्ट कार्रवाई और समाधान की मांग की।
समिति के कार्यकारी अध्यक्ष ललित यादव ने भूमि विक्रय की प्रक्रिया में किसानों को होने वाली परेशानी का मुद्दा उठाया। उनके अनुसार, आपसी सहमति से जमीन बेचने की प्रक्रिया पूरी कराने के लिए कुछ प्रभावित किसानों को कई महीनों तक एनआरडीए कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। समिति ने इस प्रक्रिया को सरल और निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने की मांग की।
बसाहट पट्टा और पीएम आवास पर भी चर्चा
बैठक में प्रभावित परिवारों के बसाहट पट्टे और प्रधानमंत्री आवास योजना से जुड़े मामलों पर भी चर्चा हुई। समिति का कहना है कि कई परिवार पीएम आवास के लिए पात्र या सूचीबद्ध हैं, लेकिन लंबे समय से जिस जमीन पर उनका निवास है, वहां आवास निर्माण को लेकर दिक्कतें सामने आ रही हैं।
8 अक्टूबर को किसान महासभा
बैठक के बाद समिति ने आगामी कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि गुरुवार, 8 अक्टूबर 2026 को दोपहर 1:30 बजे सेंट्रल पार्क, नवा रायपुर में किसान महासभा आयोजित की जाएगी। समिति के अनुसार, इस महासभा में प्रभावित किसानों की मांगों पर आगे की चर्चा होगी और आंदोलन की आगामी दिशा एवं रणनीति तय की जाएगी।
समिति ने प्रभावित क्षेत्र के किसानों, वर्तमान एवं पूर्व जनप्रतिनिधियों, युवाओं, बेरोजगारों, महिलाओं, सदस्यों और पदाधिकारियों से अधिक संख्या में महासभा में शामिल होने की अपील की है।