अपनी पसंद की खबर खोजें
रायपुर। सोशल मीडिया के जरिए ऑनलाइन ठगी का एक मामला रायपुर में सामने आया है। स्नैपचैट (Snapchat) पर युवती बनकर बातचीत करने वाले एक आरोपी ने युवक को प्रेमजाल में फंसाकर उससे 65 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करा लिए। जब युवक को सच्चाई का पता चला तो उसने साइबर हेल्पलाइन 1930 और पंडरी थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस के अनुसार, बिलासपुर जिले के पचपेड़ी थाना क्षेत्र के ग्राम केवटाडीह निवासी घनश्याम साहू (23) वर्तमान में रायपुर के सर्वोदय अस्पताल में रिसेप्शनिस्ट के रूप में कार्यरत है। उसने शिकायत में बताया कि 24 दिसंबर 2025 को स्नैपचैट पर "थनवी साहू" नाम की आईडी से उसकी बातचीत शुरू हुई, जो धीरे-धीरे दोस्ती और फिर कथित प्रेम संबंध में बदल गई।
पीड़ित का आरोप है कि आरोपी ने खुद को युवती बताकर निजी परेशानियों का हवाला दिया और अलग-अलग बहानों से आर्थिक मदद मांगी। 24 दिसंबर 2025 से 27 अप्रैल 2026 के बीच उसने कई किश्तों में कुल 65 हजार रुपये यूपीआई के माध्यम से ट्रांसफर कर दिए।
बाद में जब घनश्याम कथित युवती से मिलने गरियाबंद जिले के ग्राम बासीन पहुंचा, तब उसे पता चला कि जिस आईडी से वह बात कर रहा था, उसे अमन साहू नाम का व्यक्ति चला रहा था। इसके बाद उसे अपने साथ हुई ठगी का एहसास हुआ।
पीड़ित की शिकायत पर पंडरी थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस बैंक खातों, यूपीआई लेन-देन और अन्य डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश कर रही है।