अपनी पसंद की खबर खोजें
सूरजपुर: छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में टोनही प्रताड़ना के आरोप से जुड़ा गंभीर मामला सामने आया है। रामानुजनगर थाना क्षेत्र के परशुरामपुर सोरीपारा गांव में 40 वर्षीय महिला के साथ कथित तौर पर मारपीट कर उसे निर्वस्त्र किया गया और पेड़ से बांध दिया गया। आरोप है कि घटना के दौरान महिला को जान से मारने की धमकी भी दी गई।
पुलिस के अनुसार, घटना के पीछे जमीन विवाद को लेकर पुरानी रंजिश सामने आई है। मामले में पुलिस ने चार महिलाओं को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें 19 अक्टूबर तक न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
घर की बाड़ी में उड़द तोड़ रही थी महिला
पुलिस के मुताबिक, परशुरामपुर सोरीपारा गांव की रहने वाली बजारो बाई, शनिवार सुबह अपने घर की बाड़ी में उड़द के फल तोड़ रही थीं। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाली धनमतिया वहां पहुंची और महिला पर कथित तौर पर टोनही होने का आरोप लगाते हुए गाली-गलौज करने लगी।
कुछ देर बाद धनमतिया की बहू और दो अन्य महिलाएं भी मौके पर पहुंच गईं। आरोप है कि चारों ने महिला के साथ मारपीट शुरू कर दी।
पेड़ से बांधकर मारपीट का आरोप
पुलिस शिकायत के अनुसार, महिलाओं ने पीड़िता के कपड़े उतार दिए और उसे पेड़ से बांधकर कथित तौर पर पीटा। इस दौरान उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई।
महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास से गुजर रहे ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे। उन्होंने बीच-बचाव कर महिला को आरोपियों के चंगुल से छुड़ाया। मारपीट में उसके सिर, कमर समेत शरीर के कई हिस्सों में चोटें आई हैं।
पति की शिकायत पर पुलिस ने दर्ज किया केस
घटना के बाद पीड़िता के पति ने रामानुजनगर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने BNS की धाराओं 76, 127(2), 296, 351(3), 115(2), 3(5) के साथ टोनही प्रताड़ना अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की और घटना में कथित रूप से शामिल चारों महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें 19 अक्टूबर तक न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
जमीन विवाद से जुड़ा है मामला
पुलिस की शुरुआती जांच में घटना के पीछे जमीन विवाद को लेकर रंजिश की बात सामने आई है। हालांकि, पूरे घटनाक्रम और विवाद के वास्तविक कारणों को लेकर पुलिस की जांच जारी है।
कानूनी स्थिति: मामले में पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपों की अंतिम पुष्टि और दोष सिद्धि न्यायालय में साक्ष्यों के आधार पर होगी।